ठेकुआ बिहार में बनने वाला पूर्ण रूप से सात्विक पकवान है। यह पकवान बिहार के साथ साथ, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) और नेपाल के तराई क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय है।
ठेकुआ बनाने के लिए मुख्य रूप से गेहूं के आटे, चीनी या गुड़ और घी का प्रयोग किया जाता है। स्वाद और सुगन्ध को बढ़ाने के लिए इलायची और नारियल के बुरादे का उपयोग भी किया जाता है। आटे को चीनी और अन्य अवयवों के साथ गूंधा जाता है और हल्की आँच पर घी या तेल में लाल-भूरा होने तक तला जाता है। गर्म होने पर यह नरम होता है लेकिन ठंडा होने के बाद खस्ता हो जाता है। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में ठेकुआ को प्रसाद के रूप में बनाया जाता है।